नयी दिल्ली। सरकारी रेडियो प्रसारण सेवा आकाशवाणी शास्त्रीय संगीत को समर्पित एक नया चैनल ‘रागम शुरू करने जा रहा है। प्रसार भारती के अध्यक्ष डॉ़ ए सूर्यप्रकाश गणतंत्र दिवस के मौके पर इसकी शुरुआत करेंगे।
चौबीसो घंटे चलने वाले इस चैनल का डीटीएच और आकाशवाणी की वेबसाइट पर सीधा प्रसारण किया जायेगा। साथ ही विंडोज, एंड्रॉइड और आईफोन के उपभोक्ता आकाशवाणी के ऐप के जरिये इसका आनंद ले सकते हैं। इसे आकाशवाणी के बेंगलुरु केंद्र से लांच किया जायेगा। यह केंद्र पहले से ही हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत और कर्नाटक संगीत को समर्पित एक चैनल ‘अमृतवर्षिनी’ का प्रसारण करता है। देश और दुनिया में फैले हिन्दुस्तानी शास्त्रीय और कर्नाटक संगीत के चाहने वालों के लिये लंबे समय से इस तरह के समर्पित चैनल की जरूरत महसूस की जा रही थी।