डीडी न्यूज़ की वरिष्ठ एंकर को केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने किया सम्मानित, बोले गुड न्यूज़ इण्डिया सकारात्मक पत्रकारिता का देश का अनूठा उदाहरण
नई दिल्ली/ लिपि यूरोप द्वारा इण्डिया बियॉन्ड बोर्डस अभियान के अंतर्गत नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित भव्य अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक एवं साहित्यिक समारोह में डीडी न्यूज़ की वरिष्ठ एंकर एवं पत्रकार शहला निगार को पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित लिपि यूरोप मीडिया अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया।
केंद्रीय पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन तथा पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, कानपुर लोकसभा सांसद रमेश अवस्थी, विदेश मंत्रालय भारत सरकार के भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के निदेशक सुनील कुमार सिंह, पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा तथा लिपि यूरोप की अध्यक्ष एवं प्रवासी यूरोपियन डॉ. योजना जैन ने संयुक्त रूप से सम्मान प्रदान किया।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि डीडी न्यूज़ पर प्रसारित ‘गुड न्यूज़ इण्डिया’ देश में सकारात्मक समाचारों पर आधारित अपनी तरह का एक अनूठा कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की सराहना स्वयं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” में भी की है। उन्होंने कहा कि आज के समय में सकारात्मक पत्रकारिता समाज को दिशा देने और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। केंद्रीय मंत्री रमेश अवस्थी ने कहा कि वे लंबे समय से शहला निगार की रिपोर्टिंग और एंकरिंग को देख रहे हैं। उनकी प्रस्तुति में सहजता, सरलता और विषय की गंभीरता का उत्कृष्ट संतुलन दिखाई देता है, जो उन्हें समकालीन पत्रकारिता में विशिष्ट पहचान प्रदान करता है। डीडी न्यूज़ पर ‘गुड न्यूज़ इण्डिया’ कार्यक्रम को लम्बे समय एंकर शहला निगार प्रस्तुत करती आ रही है ।
पुरस्कार ग्रहण करने के बाद शहला निगार ने कहा, लिपि यूरोप मीडिया अवार्ड 2026 जैसा अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त होना मेरे लिए अत्यंत गौरव और प्रेरणा का विषय है। इस सम्मान ने सकारात्मक पत्रकारिता के प्रति मेरे दायित्व और जिम्मेदारी को और अधिक बढ़ा दिया है। मैं इस सम्मान के लिए लिपि यूरोप तथा चयन करने वाली ज्यूरी समिति के सभी सम्मानित सदस्यों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ। यह सम्मान मुझे समाजहित और राष्ट्रहित में सकारात्मक एवं जनोन्मुखी पत्रकारिता को और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देगा।” समारोह में पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा, विदेश मंत्रालय भारत सरकार के अधिकारीगण साहित्य, संस्कृति, मीडिया और विभिन्न देशों से आए प्रवासी भारतीय समुदाय के अनेक गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

