रायपुर / मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कल नवीन विश्राम भवन के सभागृह में आयोजित सादगीपूर्ण कार्यक्रम में श्री परितोष चक्रवर्ती के उपन्यास ‘प्रिंट लाईन’ का विमोचन किया। यह उपन्यास भारतीय ज्ञानपीठ द्वारा प्रकाशित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने उपन्यास के कथानक और उसकी विषयवस्तु को अत्यंत रोचक बताया और कहा कि वे अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर श्री चक्रवर्ती की इस कृति को पढ़ रहे हैं। अब तक आधी किताब पढ़ चुका हूँ। उपन्यास काफी सुरूचिपूर्ण लग रहा है। इसमें श्री चक्रवर्ती ने अपने नायक के माध्यम से देश की तत्कालीन सामाजिक परिस्थितियों से लेकर वर्तमान सामाजिक-आर्थिक परिवेश का भी दिलचस्प चित्रण किया है। इसमें इतिहास भी है और साहित्य भी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलपति श्री सच्चिदानन्द जोशी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उनके अलावा डॉ. राजेन्द्र मिश्र और डॉ. अजय तिवारी ने भी उपन्यास की कथावस्तु पर समीक्षक की दृष्टि से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रभाषा प्रचार समिति द्वारा किया गया।