पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व पत्रकार संघों ने भी शोक व्यक्त किया
पटना। मुख्यमंत्री श्री जीतन राम माँझी ने जाने-माने फोटो जर्नलिस्ट कृष्ण मुरारी किशन के निधन पर गहरा शोक एवं दुख व्यक्त किया। उन्हांने अपने शोक संदेश में कहा कि स्व0 कृष्ण मुरारी किशन समर्पित पत्रकार थे और जोखिम की परवाह किये बिना अपने दायित्वों का निर्वाह किया करते थे। उनके निधन से विशेषकर फोटो जर्नलिज्म को गहरा आघात पहुचा है।
प्रख्यात फोटो पत्रकार कृष्णमुरारी किशन के असामयिक निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड के नेता श्री नीतीश कुमार ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। श्री कुमार का शोक सन्देश इस प्रकार है-
"वरिष्ठ फोटो पत्रकार कृष्णमुरारी किशन के अचानक निधन की खबर एक झटके के सामान थी। ऐसा लगा कोई अपना चल गया।
" कृष्णमुरारी किशन महज एक फोटोग्राफर नहीं, बल्कि बिहार के बारे में बड़ी समझदारी रखने वाले बेहद सुलझे हुए फोटो पत्रकार थे। उन्होंने अपने फोटुओं में बिहार के अलग-अलग समय और घटनाओं को बखूबी चित्रित किया। वे जमीन से जुड़े व्यक्ति थे। उन्होंने बहुत मामूली तरीके से प्रेस फोटोग्राफी की शुरूआत करके बिहार ही नहीं, बल्कि देश और दुनिया में अपनी पहचान बनाई थी। कृष्णमुरारी किशन ने अपने कैमरे से 1974 के बिहार आंदोलन, कर्पूरी जी के समय हुई सामाजिक न्याय की लड़ाई समेत राज्य में हुई अधिकांश बड़ी घटनाओं-दुर्घटनाओं की ऑन-स्पॉट रिपोर्टिंग की थी। उनके फोटो पूरी खबर बयान कर देते थे| उनके पास जेपी से सम्बंधित दुर्लभ तस्वीरें भी थीं।
जर्नलिस्ट यूनियन आफ बिहार ने फोटो जर्नलिस्ट कृष्ण मुरारी किशन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। यूनियन के प्रदेश कार्यालय में आज श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. जिसमें प्रदेश अध्यक्ष शशिभूषण प्रसाद, वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद दत्त, सुधीर मधुकर, मोहन कुमार, मुकेश कुमार सिंन्हा, अभिजित पांडेय, यूनियन के सचिव निशिकांत सिंह ने श्रद्धांजलि दी तथा कहा कि बिहार से फोटो पत्रकारिया के एक युग का अंत हो गया।
ऑल बिहार स्टर्गलर जर्नलिस्ट यूनियन के कार्यालय में वरिष्ठ फोटोग्राफरव पत्रकार कृष्ण मुरारी किशन के असामयिक निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया जहां मौजूद पत्रकारों ने स्व. किशन के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर यूनियन के संयोजक आलोक कुमार ने स्व. किशन को फोटो पत्रकारिता का जनक बताते हुए उनके द्वारा किए कार्यो की सराहना की। इस मौके पर यूनियन के महासचिव अभिषेक कुन्द, फैसल अहमद, आरती कुमारी, उपाध्यक्ष अलख नारायन सिन्हा,संतोष सुमन,अजीत कुमार,कुमारी स्मिता, रौषन कुमार सिंह सहित कई पत्रकारों ने स्व. किशन को श्रद्वांजलि दी।