मीडिया विभाग में “साहित्य एवं पत्रकारिता के अंतर्सम्बन्ध” पर आयोजित व्याख्यान में रत्नेश्वर कुमार सिंह ने कहा
मोतिहारी। महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के मीडिया अध्ययन विभाग में ‘पत्रकारिता और साहित्य के अंतर्सम्बन्ध’ विषय पर विशिष्ट व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता और साहित्य के संबंध, बदलते मीडिया परिदृश्य, भाषा, तकनीक और पत्रकारिता की सामाजिक भूमिका पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार रत्नेश्वर कुमार सिंह ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर चर्चा करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पत्रकारिता में लगातार बदलाव आया है। वर्ष 2014 के बाद मोबाइल और इंटरनेट के बढ़ते प्रभाव ने पत्रकारिता के स्वरूप को भी प्रभावित किया है। तकनीक के बदलाव के साथ पत्रकारिता के सामने नई चुनौतियां भी आई हैं।
उन्होंने कहा कि आज पत्रकारिता केवल पारंपरिक माध्यमों तक सीमित नहीं है। डिजिटल माध्यमों और तकनीक ने समाचारों के उत्पादन और प्रसार के तरीके को बदला है। ऐसे में पत्रकारिता से जुड़े लोगों को बदलते समय के साथ अपने काम करने के तरीके में भी बदलाव लाना होगा।
उन्होंने पत्रकारिता में भाषा के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि पत्रकारिता में भाषा का इस्तेमाल इस तरह होना चाहिए कि बात स्पष्ट रूप से लोगों तक पहुंच सके। पत्रकार के लिए सूचना को समझना और उसे प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना दोनों जरूरी हैं। श्री सिंह ने साहित्य और पत्रकारिता के संबंध पर कहा कि दोनों क्षेत्रों के बीच गहरा जुड़ाव है। साहित्य समाज की संवेदनाओं और विचारों को अभिव्यक्ति देता है, जबकि पत्रकारिता समकालीन घटनाओं और सामाजिक सरोकारों को लोगों तक पहुंचाती है। दोनों ही क्षेत्रों में भाषा और समाज की समझ महत्वपूर्ण है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में मीडिया अध्ययन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. अरुण कुमार भगत ने पत्रकारिता और साहित्य के संबंध पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता और साहित्य दोनों समाज से जुड़े हुए क्षेत्र हैं। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में घट रही घटनाओं और मुद्दों को सामने लाया जाता है, जबकि साहित्य समाज की संवेदनाओं और विचारों को अभिव्यक्ति देता है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता और साहित्य के बीच निरंतर संवाद जरूरी है। बदलते समय में पत्रकारिता के स्वरूप में परिवर्तन आया है और तकनीक ने इसके काम करने के तरीके को प्रभावित किया है। ऐसे दौर में पत्रकारिता के विद्यार्थियों और पत्रकारों के लिए भाषा, साहित्य और समाज की समझ आवश्यक है।
उन्होंने पत्रकारिता को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए कहा कि पत्रकारिता का काम समाज में मौजूद विषयों और समस्याओं को सामने लाना भी है। इसके लिए पत्रकार को अपने आसपास के समाज को समझना और विषयों को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करना जरूरी है।
स्वागत भाषण में विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अंजनी कुमार झा ने पत्रकारिता एवं साहित्य के व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में सजगता और साहित्य में संवेदनशीलता जरूरी है। एक विशुद्ध पत्रकार में साहित्य के सामान्य गुणों का होना आवश्यक है।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए मीडिया अध्ययन विभाग के सहायक आचार्य डॉ. परमात्मा कुमार मिश्र ने पत्रकारिता और साहित्य के संबंध पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता और साहित्य एक-दूसरे के पूरक हैं। पत्रकारिता के माध्यम से साहित्य से जुड़े विचारों और रचनाओं को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने का काम भी होता है। उन्होंने पत्रकारिता में साहित्य की भूमिका और साहित्य के पत्रकारिता से संबंध पर चर्चा की।
धन्यवाद ज्ञापन डॉ. उमा यादव ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर मीडिया अध्ययन विभाग के अतिथि प्राध्यापक डॉ. मयंक भारद्वाज, शोधार्थी एवं विद्यार्थी सैकड़ों की संख्या में उपस्थित थे।

