दूरदर्शन केंद्र पटना का रजत जयंती समारोह
पटना। रवींद्र भवन में आयोजित दूरदर्शन केंद्र पटना के रजत जयंती समारोह में दूरदर्शन केंद्र पटना से प्रसारित पहले बुलेटिन के समाचार संपादक रहे एम ज़ेड अहमद को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दूरदर्शन के कई पूर्व अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। गौरतलब है कि 13 अक्टूबर 1990 को सबसे पहले दूरदर्शन पटना से 15मिनट का पहला प्रादेशिक समाचार का प्रसारण संध्या सात बजे हुआ था।
कल रजत जयंती कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गान से हुई। इसके बाद दूरदर्शन के अब तक के सफर पर बनी एक छोटी सी डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। दूरदर्शन की गतिविधियों पर मिसेस यूनिवर्स (इंटेलीजेंस) ऋचा सिंह ने भी प्रकाश डाला। इसके बाद दूरदर्शन के निदेशक पीएन सिंह ने अब तक के सफर के बारे में सबको विस्तार से बताया। रांची केंद्र के निदेशक पीके झा ने भी अब तक की यात्रा और अपने अनुभवों को साझा किया। पीएन सिंह, डॉ. ऊषा किरण खान और उप निदेशक गजेंद्र नारायण सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन किया। इस दौरान पीके ओझा, एमजेड अहमद, पार्थ सारथी, सीता राम सिंह, सीमा पंकज, सुमित्रा रॉय चौधरी, डॉ.रमा सेन, आलोक राज, केशव कुमार त्यौहार, बिशप स्कॉट स्कूल के प्रबंध निदेशक एसपी सिंह, कार्यकारी निदेशक सुजीत सिंह आदि मौजूद रहे।